नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती

अलीगंज। कायमगंज रोड स्थित बघार पुलिया के पास अचानक सड़क पर आई नीलगाय ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया और उसके परिजनों को सूचना दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम बझेरा निवासी 20 वर्षीय शिवेंद्र पुत्र सुदेश अपने गांव से बाइक द्वारा अलीगंज आ रहे थे। जैसे ही वह कायमगंज रोड पर बघार पुलिया के पास पहुंचे, तभी अचानक एक नीलगाय सामने से सड़क पर आ गई। बाइक सवार कुछ समझ पाता, उससे पहले ही नीलगाय ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिवेंद्र बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। लोगों ने घायल युवक को सड़क से उठाकर उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज पहुंचाया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

क्षेत्र में आए दिन नीलगाय और अन्य आवारा पशुओं के अचानक सड़क पर आ जाने से सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे घूमने वाले आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *