भक्तों ने लिया राधा रानी का कन्यादान, विवाह की रस्मों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


महायज्ञ में हुआ राधा-कृष्ण विवाह का भावपूर्ण मंचन, कन्यादान कर श्रद्धालुओं ने निभाई परंपराअलीगंजश्री सात्विक विष्णु महायज्ञ के अंतर्गत प्राथमिक पाठशाला परिसर में आयोजित रासलीला में शुक्रवार को राधा रानी के विवाह और कन्यादान का भावपूर्ण मंचन किया गया।

राधा-कृष्ण विवाह की रस्मों को देखकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भक्ति और भावनाओं में डूब गए। मंच पर जब राधा रानी के कन्यादान का प्रसंग आया तो भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने आगे बढ़कर राधा रानी का कन्यादान लिया और स्वयं को इस पावन धार्मिक परंपरा से जोड़कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस दौरान पूरा पंडाल राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।गोवर्धन-वृंदावन धाम से आए गिर्राज आदर्श रासलीला मंडल के कलाकारों ने विवाह की विभिन्न रस्मों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों ने राधा रानी के विवाह से जुड़े प्रसंगों को संवाद, भजन और अभिनय के माध्यम से मंच पर साकार किया।

विवाह की तैयारियों से लेकर कन्यादान की रस्म तक का मंचन इतना भावपूर्ण रहा कि दर्शक देर तक कार्यक्रम से जुड़े रहे। राधा रानी को विवाह के लिए सुसज्जित रूप में मंच पर लाया गया तो श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कन्यादान की रस्म के दौरान धार्मिक माहौल और भी भावुक हो गया। भक्तों ने श्रद्धाभाव से राधा रानी का कन्यादान ग्रहण किया। इस अनूठे दृश्य में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

महिलाओं ने मंगलगीत गाकर विवाह की खुशियां मनाईं, वहीं भजनों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। रासलीला मंडल के कलाकारों ने विवाह की परंपराओं और उनके धार्मिक महत्व को भी अपनी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती रही। महिला, पुरुष और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ राधा रानी के विवाह का मंचन देखा। कई श्रद्धालु हाथ जोड़कर भक्ति में लीन नजर आए। श्री सात्विक विष्णु महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन हो रहे धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ है। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सूर्यकांत गुप्ता, मुन्ना बाबू गुप्ता, रामविलास वर्मा, मुन्ना गुप्ता, मोनी, अनिल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *