होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड से लेकर स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब व इंटरएक्टिव पैनल की दी जानकारी
क्यूआर कोड से उपलब्ध कराए गए प्रशिक्षण वीडियो
अलीगंज।परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई को और प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को आयोजित शिक्षक संकुल बैठक में संकुल शिक्षक प्रभारी अवनीश तोमर के नेतृत्व में डिजिटल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया। कंपोजिट विद्यालय अगौनापुर में आयोजित बैठक के लिए समग्र शिक्षा की ओर से शिक्षकों को पांच महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई गई। शिक्षकों से विद्यालयों में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का उपयोग केवल उपकरणों तक सीमित न रखकर उन्हें शिक्षण प्रक्रिया का प्रभावी हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक के लिए जारी प्रशिक्षण सामग्री में सबसे पहले होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड भरने की प्रक्रिया को शामिल किया गया। इसके माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रगति से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित तरीके से दर्ज करने की प्रक्रिया समझाने के लिए वीडियो उपलब्ध कराया गया है।
इसके बाद स्मार्ट क्लासरूम के प्रभावी उपयोग को प्रशिक्षण का हिस्सा बनाया गया। स्मार्ट क्लास के माध्यम से कक्षा शिक्षण को तकनीक आधारित और विद्यार्थियों के लिए अधिक सहज बनाने के तरीकों पर जानकारी दी गई।
इसी क्रम में विद्यालयों में स्थापित आईसीटी लैब के प्रभावी उपयोग पर भी प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षकों को डिजिटल तकनीक का उपयोग विद्यार्थियों की पढ़ाई में किस तरह किया जाए, इसकी जानकारी प्रशिक्षण वीडियो के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी उपयोग को भी बैठक के प्रमुख विषयों में शामिल किया गया।
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से अध्ययन सामग्री तक पहुंच उपलब्ध कराने और पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना है। बैठक में इंटरएक्टिव पैनल के फीचर्स की जानकारी भी दी गई। शिक्षकों को विद्यालयों में उपलब्ध इंटरएक्टिव पैनल की सुविधाओं को समझकर उनका इस्तेमाल कक्षा शिक्षण में करने के लिए प्रेरित किया गया। इससे विद्यार्थियों को विषयों को दृश्य एवं तकनीकी माध्यम से समझाने में मदद मिल सकती है।
प्रशिक्षण को आसान बनाने के लिए प्रत्येक विषय के सामने क्यूआर कोड दिया गया है। शिक्षक क्यूआर कोड स्कैन कर संबंधित प्रशिक्षण वीडियो सीधे देख सकते हैं। बैठक समाप्त होने के बाद प्रेरणा ऐप के डीसीएफ पर बैठक आयोजन की सूचना भरना अनिवार्य किया गया है। इस पूरी पहल के जरिए शिक्षक संकुल बैठकों को महज औपचारिकता के बजाय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा और तकनीकी संसाधनों के वास्तविक उपयोग से जोड़ने की दिशा में कदम उठाया गया है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य बबीता सक्सेना, मनोज मिश्रा संकुल, सुनीत चौहान संकुल, सतेंद्र यादव प्रधान अध्यापक मिहुता, अंजना वर्मा ई प्र अ कैल्ठा, ब्रजेश कुमार प्र अ अंगोंनापुर पूर्वी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
