आकाश मिश्र बहराइच
बहराइच। जनपद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण को लेकर लगातार जागरूकता और सेवा कार्य किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों तक आवश्यक पोषण सेवाओं एवं आहार की पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को पोषण आहार उपलब्ध कराने के साथ ही संतुलित आहार, स्वच्छता, टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के संबंध में जानकारी दी जा रही है। विभागीय कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर महिलाओं और उनके परिवारों को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य कुपोषण की रोकथाम के साथ स्वस्थ मातृत्व और सुपोषित बचपन को बढ़ावा देना है। इसके तहत महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें उपलब्ध सरकारी पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि शासन द्वारा संचालित पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
