महसी में आशा कार्यकर्ताओं ने बुलंद की आवाज, ब्लॉक इकाई का गठन

महसी (बहराइच)। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने वाली आशा कार्यकर्ताओं ने रविवार को अपने अधिकारों और सम्मानजनक मानदेय की मांग को लेकर संगठनात्मक एकजुटता दिखाई। विकासखंड महसी में आशा/आशा संगिनी कर्मचारी संगठन की जिला इकाई बहराइच की ओर से ब्लॉक इकाई का गठन किया गया। जिलाध्यक्ष पूनम सिंह की अगुवाई में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन हुआ। बैठक में जिला प्रभारी महेश चंद्र जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी अनुज कुमार भास्कर, जिला कोषाध्यक्ष पुष्पा वर्मा, जिला सलाहकार विनोद कुमार यादव समेत महसी ब्लॉक की सैकड़ों आशा एवं आशा संगिनियां मौजूद रहीं।

सर्वसम्मति से प्रीती मिश्रा को ब्लॉक अध्यक्ष, सीमा मिश्रा को ब्लॉक मंत्री, पूनम चौरसिया व वन देवी को उपाध्यक्ष, अनीता मिश्रा को कोषाध्यक्ष, साधना शुक्ला, गुलनाज बानो व रुपा यादव को संयुक्त मंत्री, सुशीला अवस्थी, राधा मिश्रा व संतोष कुमारी को कार्यकारी सदस्य, हेमंत कुमार को मीडिया प्रभारी, श्याम बिहारी मिश्रा को संरक्षक तथा सुधाकर मिश्रा को सलाहकार बनाया गया।


नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष प्रीती मिश्रा ने कहा कि आशा कार्यकर्ता दिन-रात अपनी जिम्मेदारियां निभाती हैं। धूप, बरसात और अन्य विषम परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त मानदेय नहीं मिल रहा है।


जिलाध्यक्ष पूनम सिंह ने कहा कि कोरोना काल समेत विभिन्न परिस्थितियों में आशा कार्यकर्ताओं ने जोखिम उठाकर स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में योगदान दिया। संगठन ने सरकार से आशा एवं आशा संगिनी को सम्मानजनक मानदेय देने के साथ राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *