नदी-नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, बच्चों को अकेले बाहर न जाने दें
आकाश मिश्र बहराइच
मिहींपुरवा/बहराइच। जनपद में 25 से 27 सितंबर तक भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं की मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। एसडीएम मिहींपुरवा (मोतीपुर) मोनालिसा जौहरी ने प्रतिकूल मौसम को देखते हुए लोगों से अनावश्यक जोखिम न लेने तथा प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। एसडीएम ने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी, नाले, तालाब, जलाशयों और जलभराव वाले स्थानों के आसपास जाने से बचें। नदी एवं अन्य जल स्रोतों के समीप रहने वाले परिवार विशेष सावधानी बरतें। अभिभावक बच्चों को नदी, नालों, तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें तथा उन्हें ऐसे स्थानों पर अकेले न जाने दें। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान पेड़ों, जर्जर भवनों, विद्युत पोल और बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें। खुले स्थानों पर खड़े होने और पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से बचें। जलभराव वाले रास्तों पर वाहन लेकर जाने में सावधानी बरतें। कहीं टूटे हुए बिजली के तार दिखाई दें तो उन्हें छूने का प्रयास न करें और तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें।

एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने कहा कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सतर्कता बनाए रखना सबसे जरूरी है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस अथवा आपदा राहत एवं बचाव तंत्र को सूचना दें और आसपास के जरूरतमंद लोगों की भी मदद करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने तथा मौसम और प्रशासन से संबंधित केवल अधिकृत सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसडीएम ने कहा कि सावधानी और सतर्कता ही इस समय सबसे बड़ा बचाव है। स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सुरक्षित रखें।
