रात में घर में घुसे चोर, जेवरात चोरी करने का आरोप

अलीगंज। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम गढ़िया जगन्नाथ में रात के समय घर में घुसकर जेवरात चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता रामवती पत्नी कुलदीप ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी गए जेवरात बरामद कराने की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। रात करीब 12:15 बजे कमरे में खटपट की आवाज सुनाई दी। आवाज से उसकी नींद खुल गई। वह उठकर कमरे की ओर गई तो घर में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले।

रामवती का आरोप है कि चोर घर में रखे सामान को खंगालने के बाद उसके जेवरात चोरी कर ले गए। प्रार्थना पत्र में उसने बताया कि चोर एक जोड़ी कान की बालियां और एक जोड़ी टॉप्स समेत अन्य सामान ले गए हैं। घटना की जानकारी होने पर उसने आसपास के लोगों को बताया और पुलिस को सूचना दी।

घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *