स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के लगे काउंटर, लोगों को मौके पर मिली सुविधाएं

अलीगंज। इलाज के लिए अलग-अलग जगह भटकने की जरूरत नहीं, एक ही परिसर में जांच से लेकर सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी तक। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में लगाए गए विशाल स्वास्थ्य शिविर में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सुबह से ही मरीजों और लाभार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शिविर में करीब 250 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि अंकुर राजपूत और विधायक प्रतिनिधि सूरज सिंह उर्फ अभय प्रताप सिंह राठौड़ ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद दोनों प्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न काउंटरों का जायजा लिया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग ने शिविर में अपनी प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों को सीधे लोगों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए।
आयुष्मान भारत योजना, टीवी कैंपियन, टीवी मुक्त भारत अभियान, नियमित टीकाकरण, नेत्र परीक्षण और गैर संचारी रोग कार्यक्रम से संबंधित जानकारी लोगों को दी गई। मरीजों की जांच के साथ उन्हें बीमारी से बचाव और उपचार के बारे में चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। शिविर की खास उपलब्धि आयुष्मान योजना के काउंटर पर देखने को मिली। पात्र लाभार्थियों के दो नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि सात पुराने कार्ड सक्रिय किए गए। स्वास्थ्यकर्मियों ने लाभार्थियों को योजना के तहत मिलने वाली उपचार सुविधाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। गर्भवती महिलाओं के लिए भी शिविर में विशेष व्यवस्था रही।

पहुंची गर्भवती महिलाओं की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने उनकी जांच के बाद जरूरी सलाह दी। वहीं नेत्र परीक्षण काउंटर पर ऑप्टोमेट्रिस्ट विवेक वशिष्ठ ने मरीजों की आंखों की जांच की। आंखों से संबंधित समस्या वाले लोगों को आवश्यक परामर्श दिया गया। टीवी मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को क्षय रोग के लक्षणों, समय पर जांच और उपचार की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बीमारी को शुरुआती स्तर पर पहचानने और उपचार पूरा कराने पर जोर दिया। नियमित टीकाकरण और गैर संचारी रोगों से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविर का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मरीजों की जांच और उपचार के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में डॉ. अखलाक खान, डॉ. प्रतीक्षा यादव, डॉ. शक्ति सिंह, डॉ. राहुल यादव, भूपेंद्र सिंह, आर्यन राजपूत, विमल मिश्रा, नूर अहमद, विमल पाठक सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा
