251 कलशों की भव्य यात्रा के साथ अलीगंज में श्री सात्विक विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ


राधा-कृष्ण और विष्णु की झांकियों ने मोहा मन, 31 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन अलीगंज में श्री सात्विक विष्णु महायज्ञ एवं श्री कृष्ण लीला का रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन के प्रथम दिन 251 कलशों के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बैंड-बाजों, धार्मिक जयकारों और आकर्षक झांकियों के बीच निकली कलश यात्रा से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया और भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।


कलश यात्रा में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान राधा-कृष्ण, भगवान विष्णु और नृत्य डोला सहित पांच आकर्षक झांकियां निकाली गईं। सुसज्जित झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। भगवान के स्वरूपों के दर्शन करने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटी रही। धार्मिक संगीत और जयकारों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। कलश यात्रा मातादीन चौराहा से प्रारंभ होकर गांधी मूर्ति चौराहा और मुख्य बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी।

इसके बाद यात्रा पीएम श्री स्कूल परिसर अलीगंज में पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन स्थल पर पहुंचने के बाद धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महायज्ञ की शुरुआत की गई। आयोजकों ने बताया कि श्री सात्विक विष्णु महायज्ञ एवं श्री कृष्ण लीला का आयोजन 25 से 31 अक्टूबर तक किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत 26 से 30 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह सात से दस बजे तक यज्ञ, शाम 5:30 से 6:30 बजे तक श्री सुंदरकांड पाठ तथा शाम 6:30 बजे से रात 10:30 बजे तक श्री कृष्ण लीला का मंचन होगा। 31 अक्टूबर को सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक पूर्णाहुति का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन भंडारे का भी आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं से धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की गई है। कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन प्रदीप गुप्ता, सूर्यकांत गुप्ता, अनिल गुप्ता, मुन्ना बाबू और विनोद आर्या सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *