भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य को बर्बाद किया है-अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य को बर्बाद किया है। भर्ती परीक्षाओं का पेपर लीक होना भाजपा सरकार की नाकामी है। भाजपा सरकार ने लाखों परिवारों के सपनों को तोड़ा है।

उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा के साथ-साथ भाजपा सरकार में हुई ज्यादातर भर्तियों के पेपर लीक हुए है। यह लीक का खेल भाजपा सरकार जानबूझकर चला रही है। इनकी नीयत गरीब, नौजवानों को नौकरी देने की नहीं है। पुलिस भर्ती से पहले 2017 में दरोगा भर्ती, ट्यूबवेल ऑपरेटर भर्ती, नागरिक आरक्षी भर्ती, ग्राम विकास अधिकारी भर्ती, यूपीटीईटी, लेखपाल भर्ती सहित अन्य कई भर्तियों के पेपर लीक हो चुके हैं।
समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस-कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का परीक्षाओं में पेपर लीक होने का खेल बंद होना चाहिए। सरकार नौजवानों को नौकरी नहीं देना चाहती है। सोची समझी रणनीति के तहत सब खेल खेलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में नौजवानों को नौकरी नहीं मिल सकती है। पेपर लीक को लेकर पूरे प्रदेश में युवाओं और प्रतियोगी छात्रों में भारी आक्रोश है। पिछले दिनों में प्रदेश के जिस भी जिले में गया हॅूं वहां पर प्रतियोगी छात्रों ने अपने हाथों में तख्तियां लेकर परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की थी और भाजपा सरकार का विरोध किया था। नौजवान लोकसभा चुनाव का इंतजार कर रहा है। इस बार भाजपा को सबक सिखाएगा।

इससे पहले बहराच दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के साथ है। समाजवादी पार्टी किसानों की पार्टी है। किसानों के हक और सम्मान के साथ खड़ी है। जहां भी किसानों के अधिकार की बात आयेगी, समाजवादी पार्टी उनके साथ रहेगी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया है। जनता से झूठे वादे किये है। आज किसान और नौजवान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। बेरोजगारी से त्रस्त होकर भारतीय युवाओं का रोजगार के लिए युद्धरत देशों में जाना भाजपा सरकार की संकीर्ण नीतियों की हार है। भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियां विफल हैं।
भाजपा सरकार किसानों, नौजवानों पर लाठियां चला रही है। आसूं गैस के गोले छोड़कर प्रताड़ित कर रही है। सरकार किसानों को अपमानित कर रही है। किसानों की जान जा रही है। इससे पहले भी भाजपा सरकार के बनाये तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ आन्दोलन के दौरान 800 से ज्यादा किसान शहीद हो गये थे।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राजनीतिक दल नहीं, गिरोह है। भाजपा लोकतंत्र खत्म कर रही है। असंवैधानिक कार्य कर रही है। वोट की लूट कर रही है। जनता के अधिकार छीन रही है। बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जी के सपनों को खत्म कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। आम जनता की आजादी बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा भाजपा ने किस तरह से चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली की। बेईमानी की। वोट की लूट हुई। देश की जनता सब देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!