नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में गन्ने में मिला शव, मचा हड़कंप

हत्या की आशंका,डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर

गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक नवविवाहिता का शव गन्ने के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई मृतका की पहचान 20 वर्षीय पूजा, निवासी मैनपुर के रूप में हुई है। उसका शव मायके से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर रामापुर गांव के पास गन्ने के खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी तरबगंज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मृतका के गले पर कसाव के निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार पूजा की शादी 9 नवंबर को कुंजालपुर गांव निवासी सुभाष के साथ हुई थी। वह 14 जनवरी (मकर संक्रांति) के मौके पर मायके आई थी। परिजनों ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 10 बजे से लापता थी, जिसकी तलाश की जा रही थी। क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में मृतका के पति और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

पति की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

पुलिस मृतका के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतका के पति शिव जन्म वर्तमान में गोवा में हैं और सूचना मिलते ही गोंडा के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *