अलीगंज। कस्बा अलीगंज में अनुसूचित जाति के दिव्यांग व्यक्ति ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए संपूर्ण समाधान दिवस अलीगंज में जिलाधिकारी एम. अरून्मोली से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा कब्जा हटवाने की मांग की है।

पैतृक संपत्ति पर कब्जे का आरोप
प्रार्थना पत्र के अनुसार, पीड़ित लल्ला बाबू पुत्र स्वर्गीय मथुरा लाल निवासी मोहल्ला सुदर्शन दास, कस्बा एवं तहसील अलीगंज ने बताया कि गाटा संख्या 1331ख और 1341 की भूमि में उसका तथा उसकी मां का हिस्सा है। आरोप है कि कुछ लोगों ने भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है।
दबाव बनाकर बैनामा कराने का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी सहखातेदार शशि देवी के हिस्से की भूमि पर दबाव बनाकर बैनामा कराए जाने और उस पर प्लॉटिंग किए जाने की जांच होनी चाहिए। उसने भूमि संबंधी अभिलेखों और रजिस्ट्री की भी जांच कराने की मांग की है।
अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि संबंधित भूमि पर कब्जे के मामले में शिकायत के बावजूद उसे न्याय नहीं मिल सका। पीड़ित का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव के चलते कार्रवाई नहीं हो रही है।
निष्पक्ष जांच और कब्जा हटवाने की मांग
पीड़ित ने बताया कि वह दो बार जनता दरबार में भी अपनी शिकायत रख चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उसने जिलाधिकारी से सक्षम अधिकारी के माध्यम से जांच कराकर कथित अवैध कब्जा हटवाने और दिव्यांग व्यक्ति को न्याय दिलाने की मांग की है।
दिलीप सिह मंडल ब्यूरो एटा
