चार दिन की दहशत के बाद वन विभाग को मिली बड़ी सफलता बहराइच
जनपद बहराइच के तहसील महसी अंतर्गत थाना रामगांव क्षेत्र में बीते कई दिनों से आतंक का पर्याय बने बाघ को आखिरकार वन विभाग ने आज ग्राम बसौना माफी आजाद नगर में पिंजरे में कैद कर लिया। चार दिनों से चल रहे सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद यह बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
कल तक गन्ने के खेतों में छिपा यह खूंखार बाघ ग्रामीणों के लिए भय का कारण बना हुआ था। ड्रोन कैमरों से उसकी मूवमेंट ट्रैक की जा रही थी, वहीं दो हाथियों, ट्रेंकुलाइजेशन टीम और भारी वन बल को मौके पर तैनात किया गया था।
कल की स्थिति
कल बाघ की मौजूदगी रेहुआ मंसूर व आसपास के गांवों में ड्रोन कैमरे की नजर में आई थी। खेतों में बाघ की स्पष्ट तस्वीरें सामने आने के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था। ग्रामीणों को घरों में रहने की हिदायत दी गई थी और स्कूल-आवागमन तक प्रभावित रहा।
आज की कार्रवाई
आज सुबह ग्राम बसौन माफी में लगाए गए विशेष पिंजरे में बाघ के कैद होने की पुष्टि हुई। जैसे ही बाघ पिंजरे में बंद हुआ, इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने पिंजरे को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर बाघ को वन विभाग के संरक्षण में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
ग्रामीणों में राहत
बाघ के पकड़े जाने की खबर फैलते ही क्षेत्र में लंबे समय से बना भय का माहौल समाप्त हो गया। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन का आभार जताया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार,
“बाघ को सुरक्षित रूप से पकड़ा गया है। किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, यह हमारे लिए सबसे बड़ी सफलता है।”
