पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम, जांच में जुटी
गोण्डा। जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ठोरहंस बाबा पुरवा गांव में गुरुवार रात एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती का शव घर के भीतर कमरे में बिजली के प्रेस से चिपका हुआ मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान रोशनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रोशनी रात में कपड़े प्रेस करने के लिए अपने कमरे में गई थी। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने समझा कि वह सो गई होगी। लेकिन सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
दरवाजा खोलने पर परिजनों के होश उड़ गए। रोशनी का शव कमरे में जमीन पर पड़ा हुआ था और उसका हाथ बिजली के प्रेस से चिपका था। परिजनों का कहना है कि प्रेस में अचानक करंट उतरने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया,जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। बिजली बोर्ड, वायरिंग और प्रेस की भी बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
