
धर्मसिंहवा नगर पंचायत के बरगदवां माफी का निवासी था छात्र, तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से गई जान
संतकबीरनगर ।जनपद के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत धर्मसिंहवा के वार्ड नंबर 10 बरगदवां माफी निवासी एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र आकाश पांडेय (22) की गोरखपुर में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे।जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे आकाश पांडेय होली के बाद अपने एक मित्र के घर से भोजन कर स्कूटी से हॉस्टल लौट रहे थे। इसी दौरान शाहपुर थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर–कौवाबाग ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह स्कूटी से उछलकर करीब 15 मीटर दूर ओवरब्रिज की रेलिंग में जा फंसे और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए करीब एक घंटे के भीतर वाहन को ट्रेस कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।बताया जा रहा है कि आकाश पांडेय अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता देवेंद्रनाथ पांडेय धर्मसिंहवा क्षेत्र में टेंट का व्यवसाय करते हैं। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज के छात्र भी अस्पताल पहुंच गए और शोक व्यक्त किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
