नगला उम्मेद की ग्राम चौपाल में CDO का कड़ा एक्शन, लापरवाही पर कई कर्मचारियों का वेतन रोका


अलीगंज (एटा)। विकासखंड अलीगंज के ग्राम नगला उम्मेद में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्रा ने विभिन्न विभागों की योजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में लापरवाही और अनियमितताएं मिलने पर सीडीओ ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई कर्मचारियों का वेतन रोकने और एक अधिकारी के निलंबन के निर्देश दिए।


जांच के दौरान पंचायत विभाग के अभिलेख अपूर्ण मिलने पर ग्राम सचिव रजनीश कुमार और एडीओ पंचायत प्रभारी अमित तोमर का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्यालय में पढ़ाई का स्तर संतोषजनक न मिलने पर शिक्षामित्र अवधेश कुमार का वेतन भी रोक दिया गया।


आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण में बच्चों के लिए हॉट कुक भोजन तैयार न मिलने पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ममता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोक दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में लापरवाही पाए जाने पर एएनएम शालू चौहान का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।


विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों में अनियमितता मिलने और मौके पर उपस्थित न होने पर कंसल्टिंग इंजीनियर पुष्पेंद्र कुमार के निलंबन के लिए डीपीआरओ को निर्देश दिए गए।


चौपाल में रोजगार, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया तथा गांव में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की गई।


इस दौरान खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सीडीओ ने चेतावनी दी कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *