त्यौहारों को लेकर धर्मसिंहवा थाना में पीस कमेटी की बैठक

संतकबीरनगर।आगामी त्यौहारों के मद्देनज़र जनपद के धर्मसिंहवा थाना परिसर में बुधवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों एवं संभ्रांत लोगों ने भाग लिया।बैठक में आगामी नवरात्रि, रमजान एवं ईद-उल-फितर के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और ऐसी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जुलूस एवं धार्मिक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही आयोजित किए जाएं तथा डीजे एवं लाउडस्पीकर का प्रयोग शासन द्वारा तय मानकों के अनुरूप ही किया जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और पुलिस द्वारा लगातार गश्त किए जाने की बात कही गई। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या संदेश प्रसारित न करने की चेतावनी दी गई।पुलिस प्रशासन ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तत्काल सूचना देने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में स्वयं न उलझकर पुलिस को सूचित करने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *