अलीगंज में पशुपालन विभाग का प्रशिक्षण कार्यक्रम, किसानों को दी गई आधुनिक पशुपालन की जानकारी

स्वस्थ पशु समृद्ध किसान’ योजना के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण, रोगों से बचाव और सरकारी योजनाओं पर हुआ मार्गदर्शन

अलीगंज पशुपालन विभाग अलीगंज द्वारा प्रशिक्षण एवं प्रसार योजना के अंतर्गत ‘स्वस्थ पशु समृद्ध किसान’ कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन खंड विकास सभागार अलीगंज में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. रविकांत ने की। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य क्षेत्र के पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों, पशु स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन और उत्पादकता बढ़ाने के विभिन्न उपाय बताए गए। पशु चिकित्सा अधिकारी भदकी डॉ. विनय ने पशुओं में होने वाले प्रमुख रोगों और उनके बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय-समय पर टीकाकरण और साफ-सफाई से पशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है। इसके बाद पशु चिकित्सा अधिकारी देवतरिया डॉ. विनय यादव ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और पात्रता के बारे में भी समझाया, जिससे अधिक से अधिक पशुपालक इनका फायदा ले सकें। पशु चिकित्सा अधिकारी सुमौर द्वारा पशुओं में होने वाली सामान्य समस्याओं जैसे किलनी, जूं और अन्य परजीवी जनित बीमारियों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने इनसे बचाव के लिए नियमित देखभाल और दवाओं के प्रयोग की आवश्यकता बताई। वहीं, पशु चिकित्सा अधिकारी अलीपुर ने पशुओं में मादा रोगों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की और उनके उपचार एवं रोकथाम के उपाय बताए।

कार्यक्रम के अंत में उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. रविकांत ने सहभागिता योजना, संतुलित आहार एवं वैज्ञानिक विधि से पशुपालन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने ‘भारत पशुधन ऐप’ पर सभी गौवंशी एवं महिषवंशी पशुओं के अनिवार्य पंजीकरण की जानकारी दी और पशुपालकों से पंजीकरण के समय ओटीपी साझा करने का अनुरोध किया, ताकि सभी पशुओं का सही डेटा तैयार हो सके। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक पशुपालक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और प्रशिक्षण का लाभ उठाया।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *