गौ संरक्षण केंद्र किनोडी खैराबाद का औचक निरीक्षण, मचा हड़कंप

डिप्टी सीवीओ ने चारा, पानी, साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, दिए निर्देश

अलीगंज वृहद गौ संरक्षण केंद्र किनोडी खैराबाद का डिप्टी सीवीओ अलीगंज डॉ. रविकांत द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. रविकांत ने पशुओं को दिए जा रहे हरे चारे की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की। इस संबंध में उन्होंने ठेकेदार दीपक कुमार से वार्ता कर चारे की नियमित आपूर्ति और गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पशुओं के खान-पान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौशाला में साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सर्टिफिकेट टेक्नो से बातचीत कर रख-रखाव में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि गौवंश की देखभाल सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण में गौशाला में कुल 227 गौवंश पाए गए, जिनमें 119 गौवंश और 108 सांड शामिल हैं। पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सौर ऊर्जा आधारित समर पंप के चलते पानी की आपूर्ति निर्बाध रूप से हो रही है, जिससे किसी प्रकार की समस्या सामने नहीं आई। इसके अलावा केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था के तहत चार सीसीटीवी कैमरे संचालित पाए गए, जो सीधे लखनऊ से जुड़े हुए हैं। इससे निगरानी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनी हुई है।

पशुओं के लिए प्रतिदिन 18 कुंतल हरा चारा, 6 कुंतल 96 किलो भूसा तथा 1 कुंतल 48 किलो दाना उपलब्ध कराया जा रहा है, जो पर्याप्त पाया गया। डॉ. रविकांत ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं इसी प्रकार सुचारू रूप से संचालित होती रहें। इस मौके पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव गंगवार, ग्राम प्रधान ऋषि यादव, ठेकेदार दीपक कुमार एवं रोजगार सेवक ओमचंद सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *