पति से विवाद के बाद महिला ने बच्चों संग लगाई छलांग,मासूम की मौत, गांव में मातम

गोण्डा। जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के बैजपुर गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई,जहां पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुंआनो नदी में छलांग लगा दी। इस हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि ग्रामीणों की सतर्कता से महिला और उसके चार वर्षीय बेटे की जान बचा ली गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 30 वर्षीय सोनम का अपने पति मदनलाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद गुरुवार की देर रात सोनम अपने दो बच्चों डेढ़ वर्षीय अंशी और चार वर्षीय आयुष को लेकर राजघाट पुल पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि उसने पहले मासूम अंशी को नदी में फेंक दिया और फिर बेटे आयुष को गोद में लेकर खुद भी कुंआनो नदी में छलांग लगा दी। घटना के दौरान पुल से गुजर रहे दो राहगीरों की नजर इस पर पड़ गई।

उन्होंने बिना देर किए नदी में कूदकर महिला और उसके बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल मां-बेटे का इलाज जारी है। वहीं, नदी में बह गई डेढ़ वर्षीय अंशी का शव शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब ढाई से तीन किलोमीटर दूर खलगवां के पास बरामद किया गया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खोड़ारे थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। महिला के होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *