बहराइच ।आज दिनांक 05.04.2026 को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा थाना मटेरा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला हेल्पडेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों की पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि सभी प्रार्थना पत्रों को विधिवत रजिस्टर में अंकित कर समयबद्ध एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण में थाना प्रभारी द्वारा फरियादियों से फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान आगंतुकों एवं फरियादियों के साथ शिष्ट एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने, उनके बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
मालखाने के निरीक्षण में माल को क्रमवार एवं वर्षवार सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए, साथ ही अभिलेखों व रजिस्टरों के व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष बल दिया गया।

मेस का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त थाना परिसर, हवालात, बैरक एवं शौचालयों का निरीक्षण कर समुचित स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था एवं संसाधनों के सुव्यवस्थित रख-रखाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं उनकी उचित दिशा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि थाने पर आने वाले सभी आगंतुकों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित एवं विधिक निस्तारण किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से मुख्यालय न जाना पड़े। थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण कर उसके प्रभावी संचालन हेतु निर्देश दिए गए तथा अभियान के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।
