आंधी-बारिश से अलीगंज में गेहूं और तंबाकू की फसल बर्बाद, किसानों की बढ़ी चिंता

कटाई के वक्त बदला मौसम, खेतों में गिरी फसल और भीगा अनाज, किसानों ने मांगा मुआवजा

अलीगंज अलीगंज क्षेत्र में अचानक बदले मौसम ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। तेज आंधी और बारिश ने जहां एक ओर आम जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। खासतौर पर रामपुर, सरायगत, किनौड़ी, अमरोली सहित आसपास के गांवों में किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा है।

अलीगंज क्षेत्र में तंबाकू की खेती भी बड़े पैमाने पर होती है। इस बेमौसम बारिश से तंबाकू की फसल को भी खासा नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भरने से तंबाकू की पत्तियां लाल पड़ने लगी हैं, जिससे उनकी गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को जमीन पर गिरा दिया, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ने की आशंका है। वहीं जिन किसानों ने पहले ही फसल काट ली थी, उनकी कटी हुई गेहूं बारिश में भीग गई। इससे दानों के काले पड़ने और उनकी गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ गया है।

खेतों में थ्रेसिंग के बाद पड़ा भूसा भी भीगने से खराब होने की कगार पर पहुंच गया है। किसानों का कहना है कि अगर पानी जल्द नहीं निकला तो पत्तियां गलकर पूरी तरह खराब हो सकती हैं और तंबाकू की लसी भी समाप्त हो जाएगी। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के समय आई इस बारिश ने उनकी सालभर की मेहनत को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए।

किसानों ने वयां किया अपना दर्द:

अलीगंज के रैपुरा निवासी बासुदेव सिंह ने बताया कि तेज आंधी और बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
उनकी गेहूं की फसल खेत में ही गिर गई है। कटाई के समय आई इस बारिश ने उनकी आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

अमरोली निवासी शीशराम वर्मा ने बताया कि उनकी कटी हुई गेहूं की फसल पूरी तरह भीग गई है। भीगने से दानों की गुणवत्ता खराब होने लगी है, जिससे बाजार मूल्य घटेगा। उन्होंने कहा कि सालभर की मेहनत पर एक झटके में पानी फिर गया। सरकार से शीघ्र राहत दिलाने की मांग की है।

किनोडी निवासी शिवशाह ने बताया कि खेतों में पानी भरने से तंबाकू की फसल प्रभावित हुई है। पत्तियां लाल पड़ने लगी हैं, जिससे उत्पादन पर असर पड़ेगा।अगर जल्द धूप नहीं निकली तो पूरी फसल खराब होने का खतरा है। उन्होंने प्रशासन से सर्वे कराकर मदद की गुहार लगाई है।

अमरोली निवासी रामावतार सिंह ने बताया कि उनकी गेहूं और तंबाकू दोनों फसलें प्रभावित हुई हैं। गेहूं की फसल गिर गई है और तंबाकू पानी में डूबकर खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, जो टूट गई। सरकार से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है।

एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बताया कि स्थिति का संज्ञान लिया गया है। राजस्व टीमों को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन के मानकों के अनुसार सर्वे किया जाएगा। यदि 33 प्रतिशत से अधिक फसल क्षति पाई जाती है तो किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन पूरी गंभीरता से सर्वे कार्य में जुटा हुआ है।

कृषि विभाग ने किसानों को दी सलाह


कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि भीगी हुई फसल को तुरंत इकट्ठा न करें। पहले धूप निकलने पर उसे अच्छी तरह सुखाएं, ताकि गुणवत्ता को कुछ हद तक बचाया जा सके और नुकसान कम हो।

तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर गिरे पेड़


तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे अलीगंज-नवाबगंज मार्ग और किनौड़ी रोड पर आवागमन घंटों बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने स्वयं प्रयास कर पेड़ों को काट-छांट कर रास्ते से हटाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *