अलीगंज में रोडवेज बस चालकों की मनमानी से रोज लगता जाम, घंटों जूझते हैं लोग

बस स्टैंड होने के बावजूद सड़कों पर खड़ी की जा रही बसें, कैल्ठा चौराहा सबसे अधिक प्रभावित

अलीगंज नगर में रोडवेज बस चालकों की मनमानी के चलते आए दिन जाम की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। हालात यह हैं कि अलीगंज में रोडवेज बस स्टैंड होने के बावजूद अधिकतर बस चालक अपनी बसों को सड़कों पर ही खड़ा कर देते हैं, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहता है।

अलीगंज क्षेत्र मे सबसे अधिक समस्या कैल्ठा चौराहा पर देखने को मिलती है, जहां फर्रुखाबाद से एटा और एटा से फर्रुखाबाद जाने वाली रोडवेज बसें सड़क के बीचों-बीच खड़ी कर दी जाती हैं। इसके चलते न केवल बड़े वाहन बल्कि ई-रिक्शा, टेंपो और अन्य छोटे वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब सवारी बैठाने की होड़ में बस चालक अपने वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर देते हैं। जाम की इस समस्या में ई-रिक्शा और टेंपो चालकों की भूमिका भी कम नहीं है।

बस आते ही ये चालक भी अपने वाहन बीच सड़क पर खड़ा कर देते हैं, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो जाता है। हैरानी की बात यह है कि दिन के समय प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते, जिससे वाहन चालक बेखौफ होकर नियमों की अनदेखी करते हैं। इस जाम का असर अलीगंज चौराहा, एटा मार्ग, दरियागंज मार्ग और कायमगंज मार्ग तक देखने को मिलता है। रोजाना पैदल राहगीरों और बाइक सवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम ने एआरएम को निर्देशित किया है कि रोडवेज बस संचालकों पर कार्रवाई की जाए। आदेशों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर पेनल्टी लगाई जाएगी और उनकी सैलरी से जुर्माना काटा जाएगा।

एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बताया कि अलीगंज में लग रहे जाम के निराकरण हेतु एआरएम को निर्देश दिए हैं कि रोडवेज बस चालकों की मनमानी पर तुरंत रोक लगाई जाए। जो बसें सड़क पर खड़ी पाई जाएंगी, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर पेनल्टी लगाकर उनकी सैलरी से जुर्माना काटा जाएगा। एसडीएम ने कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारना प्राथमिकता है और लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *