अलीगंज में अंबेडकर जयंती पर चला स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्वलन से दिया स्वच्छता का संदेश

नगर के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई कर लोगों को जागरूक किया

अलीगंज अलीगंज क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर नगर में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा दीप प्रज्वलन कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने एकजुट होकर साफ-सफाई की और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत अकबरपुर कोर्ट परिसर में स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा की विशेष रूप से साफ-सफाई की गई। उपस्थित लोगों ने प्रतिमा स्थल के आसपास झाड़ू लगाकर कूड़ा-कचरा हटाया और पूरे परिसर को स्वच्छ बनाया। इसके बाद श्रद्धापूर्वक दीप प्रज्वलित कर बाबा साहब को नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज को समानता और अधिकारों का संदेश दिया, जिसे हमें अपने आचरण में उतारना चाहिए। इसी क्रम में कंचनपुर आसे-1 क्षेत्र में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया।

स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर गलियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। साफ-सफाई के बाद वहां भी दीप प्रज्वलन किया गया और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं बल्कि यह हमारी दैनिक आदत का हिस्सा होना चाहिए।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत, पूर्व मंडल अध्यक्ष निलेश वर्मा, कुलदीप सिंह एडवोकेट, नवीन राजपूत और मंडल अध्यक्ष मुकेश शाक्य सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया और बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *