मानक के विपरीत नम्बर प्लेट मिलने पर काटा चालान, ब्लैक फिल्म उतरवाई गई
बहराइच। जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यातायात पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी एक फॉर्च्यूनर गाड़ी पर कार्रवाई की। वाहन पर मानक के अनुरूप नम्बर प्लेट न लगी होने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया तथा मौके पर ही ब्लैक फिल्म उतरवाई गई।

यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह तथा क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह के निर्देशन में 20 मई 2026 को प्रभारी निरीक्षक यातायात राम प्रकाश के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन पर काली फिल्म लगी पाई गई। साथ ही वाहन की नम्बर प्लेट भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन का चालान किया और चालक को हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट लगवाने के निर्देश दिए।
यातायात पुलिस ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।
