रिसिया पुलिस की सूझबूझ से बची मासूम की जान, पानी में डूब रहे बालक को सुरक्षित निकाला
बहराइच। थाना रिसिया पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सिंघापुरवा गांव के निकट पानी में डूब रहे 8 वर्षीय बालक को पुलिस टीम ने समय रहते बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार थाना रिसिया पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान सिंघापुरवा, दा. बंगलाचक के पास सड़क किनारे एक 10 वर्षीय बालिका रोती हुई दिखाई दी। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय ने तत्काल वाहन रोककर उससे पूछताछ की तो बालिका ने बताया कि उसका 8 वर्षीय भाई सड़क किनारे भरे पानी में डूब गया है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों और एक स्थानीय टेम्पो चालक के सहयोग से बालक को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके बाद पुलिस ने बालक को तत्काल सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रिसिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार बालक की हालत अब खतरे से बाहर है।
बताया गया कि बालक के माता-पिता जीवित नहीं हैं। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों को घटना की सूचना दे दी है। साथ ही पुलिस ने बालक के उपचार और दवाओं का पूरा खर्च वहन करने की जिम्मेदारी भी ली है।
पुलिस की इस मानवीय पहल और तत्परता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
