अलीगंज में महिला थाना भवन का शिलान्यास, 3.37 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक परिसर

दो नई पुलिस चौकियों की भी रखी आधारशिला, महिलाओं को मिलेगा त्वरित न्याय और सुरक्षा व्यवस्था

अलीगंज महिला सुरक्षा को मजबूत करने और पुलिस व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में रविवार को अलीगंज-मैनपुरी रोड स्थित चिन्हित भूमि पर महिला थाना भवन के निर्माण का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगभग 3 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक थाना भवन उत्तर प्रदेश सीएमडीएस जल निगम एटा द्वारा निर्मित किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर द्वारा विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि महिला थाना स्थापित होने से क्षेत्र की महिलाओं को अब अपनी शिकायतों और समस्याओं के लिए दूर जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा।

स्थानीय स्तर पर ही उन्हें त्वरित पुलिस सहायता और न्यायिक प्रक्रिया का लाभ मिल सकेगा। विधायक ने आगे कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण है। इस थाने के बनने से न केवल शिकायतों का निस्तारण तेज होगा बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसा भी मजबूत होगा।

उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास और सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इसी कार्यक्रम के दौरान अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के उभई असदनगर और ढटिंगरा गांव में दो नई पुलिस चौकियों की भी आधारशिला रखी गई। दोनों चौकियों के निर्माण के लिए 95-95 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन चौकियों से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और अधिक प्रभावी होगी तथा आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि नए महिला थाना भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे शिकायत दर्ज कराने से लेकर त्वरित कार्रवाई तक की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सकेगी। इससे पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने महिला थाना और नई पुलिस चौकियों के निर्माण को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में एसडीएम जगमोहन गुप्ता, क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह, थाना प्रभारी राजकुमार सिंह, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता बॉबी, जैथरा नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक गुप्ता, विधायक पुत्र सूरज सिंह राठौर, बिट्टू सिंह राठौर, भानु प्रताप सिंह राठौर, अलीगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कु. आशीष राजपूत चौकी इंचार्ज मनीषा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सूरज राठौर विधायक पुत्र ने कहा कि यह पहल महिला सुरक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा देने वाली है। उन्होंने कहा कि महिला थाना केवल एक भवन नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और भरोसे का केंद्र बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि हर पीड़ित महिला को बिना किसी भय के न्याय मिले और शिकायतों का त्वरित समाधान हो। पुलिस व्यवस्था को संवेदनशील और सुलभ बनाकर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना ही उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं बिना झिझक अपनी बात पुलिस प्रशासन के सामने रख सकेंगी। उन्होंने कहा कि महिला थाना बनने से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी तथा महिलाएं अधिक आत्मनिर्भर और जागरूक बनेंगी साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की यह योजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को समान रूप से सुरक्षा देने की दिशा में सराहनीय कदम है। दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *