बहराइच-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: सांड से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत

जिला संवाददाता आकाश मिश्र बहराइच

बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर फखरपुर थाना क्षेत्र के कदियापुर मोड़ के पास शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक अचानक सामने आए सांड से टकरा गए, जिससे यह हादसा हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 2:45 बजे दीपक सिंह (33) पुत्र सूर्य बक्श सिंह निवासी सिदरखा थाना कैसरगंज तथा अर्पित सिंह (22) पुत्र शिवानंद निवासी निहालपुरवा थाना परसपुर, जनपद गोंडा मोटरसाइकिल से बहराइच से कैसरगंज की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक फखरपुर थाना क्षेत्र के बौंडी-कदियापुर मोड़ के पास पहुंची, अचानक सड़क पर आए सांड से बाइक टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक दीपक सिंह के भाई रवि सिंह ने फखरपुर थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौहान ने बताया कि सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक ओम प्रकाश गौड़ को मौके पर भेजा गया था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *