ताजिया जुलूस को लेकर एसएसपी ने किया अलीगंज का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ताजिया जुलूस को लेकर एसएसपी ने किया अलीगंज का निरीक्षण, दिए निर्देशव्यापारियों ने मुख्य बाजार को लुका प्रदर्शन से मुक्त रखने की उठाई मांग, पूर्व में हो चुकी है आगजनी


अलीगंज मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामरन ने सोमवार को अलीगंज नगर क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जुलूस मार्गों का जायजा लेते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता, क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह, तहसीलदार संजय कुमार, बसपा नेता जुनैद मियां तथा विद्युत विभाग के एसडीओ अतुल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों की टीम ने मोहल्ला मेवतियान, कूँचादायम खां, किलेदारान, पुरानी सब्जी मंडी, गांधी मूर्ति चौराहा, मैन बाजार, मोहल्ला राधा कृष्ण तथा मोहल्ला काजी सहित विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर विद्युत तार नीचे लटके हुए पाए गए, जिस पर एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए एसडीओ विद्युत को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग पर कहीं भी विद्युत संबंधी खतरा नहीं होना चाहिए और सभी तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित किया जाए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। एसएसपी ने बताया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों से भी संपूर्ण क्षेत्र की निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।


इस दौरान व्यापारी नेता सूर्यकांत गुप्ता ने प्रशासन के समक्ष मुख्य बाजार में होने वाले लुका प्रदर्शन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ताजिया जुलूस के दौरान होने वाले इस प्रदर्शन से पूर्व में कई बार आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

उन्होंने प्रशासन एवं आयोजकों से अनुरोध किया कि जनहित और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को देखते हुए मैन बाजार क्षेत्र को लुका प्रदर्शन से मुक्त क्षेत्र घोषित किया जाए। इस मांग को लेकर व्यापारियों ने भी सुरक्षा और सावधानी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *