डीवाईएसपी ऋषभ की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर तुरकौलिया थानाध्यक्ष निलंबित, एसपी स्वर्ण प्रभात की बड़ी कार्रवाई

नवनीत कुमार सिंह मोतिहारी

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के चर्चित नकदी बरामदगी और कथित अवैध वसूली प्रकरण में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तुरकौलिया थानाध्यक्ष संपत कुमार को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक ऋषभ की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

एसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष का आचरण संदिग्ध पाया गया है तथा प्राथमिकी में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर दर्ज किए जाने के आरोप प्रथम दृष्टया सामने आए हैं। तुरकौलिया थाना में दर्ज प्राथमिकी में गिरफ्तारी का स्थान अपने थाना क्षेत्र का दिखाया गया और लगभग 24.91 लाख रुपये नकद बरामद होने का उल्लेख किया गया।

विवाद इस बात को लेकर खड़ा हुआ कि 26 मई को हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ प्राथमिकी 28 मई को दर्ज की गई। इस दौरान आरोपियों को करीब 72 घंटे तक थाने में रखने के आरोप लगे। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस अवधि में मामले को प्रभावित करने और रिहाई के नाम पर भारी रकम की मांग की गई। इन आरोपों के बाद मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंचा और डीजीपी के निर्देश पर जांच शुरू हुई।

जांच के दौरान डिवाई एसपी ऋषभ कुमार ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया थाना अध्यक्ष संपत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि जांच अभी जारी है और जो भी अधिकारी या कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *