अलीगंज कस्बे के मुख्य बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में मंगलवार को बैंक का 71वाँ स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर ग्राहकों, पेंशनर्स एवं बैंक कर्मचारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा “ग्राहक प्रथम, डिजिटल प्रथम और राष्ट्र सर्वोपरि” के संकल्प के साथ शपथ ग्रहण कर की गई।

सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराने, डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने, साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक देश का सबसे बड़ा और सबसे भरोसेमंद बैंक है, जो पिछले 71 वर्षों से करोड़ों ग्राहकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि बैंक अपने स्थापना दिवस पर इस नई प्रतिज्ञा के साथ आगे बढ़ रहा है कि प्रत्येक कर्मचारी साइबर सुरक्षा प्रहरी की भूमिका निभाएगा, ग्राहकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा।

स्थापना दिवस के अवसर पर बैंक में आए पेंशनर्स का विशेष रूप से स्वागत किया गया। उन्हें सम्मान स्वरूप गुलाब का पुष्प भेंट किया गया और मिष्ठान्न वितरित कर शुभकामनाएँ दी गईं। बैंक के नियमित ग्राहकों का भी अभिनंदन किया गया। इस दौरान ग्राहकों ने बैंक द्वारा किए गए सम्मान कार्यक्रम की सराहना करते हुए बैंक की सेवाओं की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक अवधेश कुमार वर्मा के अलावा लेखाधिकारी मोहम्मद शाहिद, रोकड़ाधिकारी वरुण प्रकाश, प्रियांशु, अमर कांबले, प्रशांत यादव सहित बैंक का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का समापन सभी के उज्ज्वल भविष्य एवं बैंक की निरंतर प्रगति की कामना के साथ किया गया।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
