मोतिहारी। अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रवि कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय में अपराध समीक्षा (क्राइम मीटिंग) आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों और सर्किल इंस्पेक्टरों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान एसडीपीओ रवि कुमार ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करने तथा न्यायालय से जारी वारंटों का शीघ्र तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही फरार वारंटियों और दागी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।
एसडीपीओ ने मादक पदार्थों की तस्करी तथा शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिसिंग और सतत निगरानी आवश्यक है।
बैठक के अंत में एसडीपीओ ने सभी पुलिस अधिकारियों को थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने, उनका त्वरित समाधान करने तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जनविश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक में हरसिद्धि सर्किल इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह, पहाड़पुर सर्किल इंस्पेक्टर मुनीर आलम, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार, अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी, मलाही थानाध्यक्ष सुमन भारती तथा संग्रामपुर थानाध्यक्ष अनूप कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
