विशेश्वरगंज थाने में एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश


बहराइच, 11 जुलाई। जनपद बहराइच में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के तहत पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत श्रीवास्तव ने थाना विशेश्वरगंज में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।


एसपी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत की विधिसम्मत जांच कर निर्धारित समय सीमा में उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है, उन्हें आवश्यक आख्या के साथ तत्काल अग्रसारित किया जाए।


भूमि विवाद संबंधी मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


थाना समाधान दिवस के दौरान जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल के थानों में मौजूद रहे और जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, थानाध्यक्ष विशेश्वरगंज तथा राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *