किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान क्रान्ति यूनियन ने सौंपा ज्ञापन, 21 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी

आकाश मिश्र बहराइच

बहराइच। भारतीय किसान क्रान्ति यूनियन की मासिक पंचायत सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर जिला अध्यक्ष पती राम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। पंचायत में किसानों और आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा के बाद संगठन ने जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। समस्याओं का निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।

संगठन के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के प्रतिनिधि नायब तहसीलदार सदर राजेश कुमार यादव को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष पती राम चौधरी ने आरोप लगाया कि जिले की कई सहकारी समितियों और निजी खाद विक्रेताओं द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक की बिक्री की जा रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

पंचायत में बरसात के मौसम में गांवों की सफाई व्यवस्था, जलभराव, बजबजाती नालियों और डेंगू समेत संचारी रोगों के बढ़ते खतरे पर भी चिंता जताई गई। संगठन ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त दवाओं, अतिरिक्त बेड और जहरीले जीव-जंतुओं के काटने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि बारिश की कमी के कारण धान की रोपाई प्रभावित हो रही है।

किसानों की सुविधा के लिए नहरों में जल्द पानी छोड़ा जाए और सरकार के निर्देशों के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित न हों। ज्ञापन में फखरपुर ब्लॉक के वजीरगंज-नंदवाल मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने बताया कि करीब 10 किलोमीटर लंबा मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है।

इससे ग्रामीणों, किसानों, छात्र-छात्राओं और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई। इसके अलावा जरवल क्षेत्र के शुगर मिल फीडर से जुड़ी बिजली समस्या को लेकर भी आवाज उठाई गई। संगठन ने बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए व्यवस्था सुधारने की मांग की।

बैठक में थाना रिसिया क्षेत्र के अमवा उटघनियां निवासी संगठन पदाधिकारी रामरूप सिंह और थाना नवाबगंज क्षेत्र के जमुनहा गांव निवासी मनीराम यादव की जमीनों पर अवैध कब्जे का मामला भी उठाया गया। प्रशासन से कब्जा हटवाने की मांग की गई।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 21 जुलाई से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर जिला प्रभारी मोहम्मद सईद खान, लल्लन प्रसाद, फौजी, रामरूप सिंह, महिला जिलाध्यक्ष लीला सिंह, मोहम्मद मोबीन, मोहम्मद रफी, कासिम खां, सरोज सिंह, रामसागर मिश्रा, रमेश चंद्र तिवारी, नितिन सिंह, लज्जावती सिंह, अनिरुद्ध वर्मा, मनीराम यादव, ओमकार यादव, सीमा सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *