
रामगांव पयागपुर, बहराइच। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पयागपुर में सोमवार को आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य आशीष कुमार सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डायट परिसर में पाकड़, नीम, बरगद, आंवला, अमरूद एवं आम सहित विभिन्न पौधों का रोपण भी किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के मार्गदर्शकों तथा राज्य संसाधन समूह और भाषा एवं अधिगम फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसमें जनपद बहराइच के सभी शैक्षिक संसाधन व्यक्ति एवं खंड संसाधन व्यक्ति प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सभी शैक्षिक एवं खंड संसाधन व्यक्ति अपने-अपने विकास खंडों में शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों को पांच दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण देंगे, जिससे विद्यालयों में बच्चों के सीखने की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
इस अवसर पर डायट प्राचार्य आशीष कुमार सिंह, डायट मार्गदर्शक इस्तियाक अहमद, रमेश यादव, दशरथ यादव, राज्य संसाधन समूह के सदस्य सुधीर मेहरोत्रा, प्रीति श्रीवास्तव, मनोज दीक्षित, भाषा एवं अधिगम फाउंडेशन के राज्य हिंदी विशेषज्ञ रणधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षक एवं शैक्षिक संसाधन व्यक्ति उपस्थित रहे।
