अलीगंज के मरीजों को बड़ी राहत: CHC पर तैनात हुए MD फिजिशियन, अब एटा की दौड़ से मिलेगी निजात

दिलीप सिह अलीगज एटा

सोमवार, मंगलवार और बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को देंगे सेवाएं, CMO ने तत्काल प्रभाव से तैनाती के दिए निर्देश

अलीगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। अलीगंज के लोगों के लिए राहत भरी खबर है कि अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एमडी फिजिशियन डॉक्टर राहुल चतुर्वेदी की तैनाती की गई है। उनकी तैनाती का उद्देश्य जनहित एवं चिकित्सीय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखना है।

एटा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए डॉ. राहुल चतुर्वेदी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर तत्काल प्रभाव से चिकित्सीय सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अग्रिम आदेशों तक तथा उक्त पद पर स्थायी फिजिशियन की तैनाती नहीं होने तक यह व्यवस्था जारी रहेगी।

सप्ताह में तीन दिन मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सक की सुविधा

डॉ. राहुल चतुर्वेदी के अलीगंज सीएचसी पर तैनात होने से क्षेत्र के मरीजों को खासा लाभ मिलने की उम्मीद है। सोमवार, मंगलवार और बुधवार को मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर ही एमडी फिजिशियन से चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

अब तक गंभीर अथवा फिजिशियन से परामर्श की आवश्यकता वाले मरीजों को उपचार के लिए एटा समेत अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त समय के साथ-साथ आर्थिक खर्च भी उठाना पड़ता था। विशेषज्ञ चिकित्सक की स्थानीय स्तर पर उपलब्धता से इन परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है।

‘मरीजों की सेवा करना मेरा नैतिक धर्म’—डॉ. राहुल चतुर्वेदी

तैनाती के बाद बातचीत में एमडी फिजिशियन डॉ. राहुल चतुर्वेदी ने कहा कि मरीजों की सेवा करना उनका नैतिक धर्म है। उनका प्रयास रहेगा कि अलीगंज क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि अब अलीगंज क्षेत्र के लोगों को फिजिशियन से परामर्श के लिए हर बार एटा तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे मरीजों का समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे, साथ ही उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा मिल सकेगी।

डॉ. राहुल चतुर्वेदी की तैनाती को क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्र के उन मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा, जिन्हें फिजिशियन की सलाह के लिए दूर जाना पड़ता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *