मितौलिया में देर रात बड़ी चोरी से हड़कंप, दोनों भाइयों की पत्नियों के जेवर भी ले गए चोर; फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच

दिलीप सिह अलीगज एटा
अलीगंज। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के मितौलिया गांव में सोमवार और मंगलवार की देर रात चोरों ने मकान की दीवार काटकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर घर से 1 लाख 20 हजार रुपये की नकदी के साथ दोनों भाइयों की पत्नियों की ज्वेलरी चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।

पीड़ित राहुल पुत्र रणवीर शाक्य निवासी मितौलिया ने बताया कि देर रात चोर मकान की दीवार काटकर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने घर में रखी नकदी और आभूषणों को निशाना बनाया। पीड़ित के अनुसार, चोर दोनों भाइयों की पत्नियों की ज्वेलरी भी चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। चोरी की वारदात की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड की टीम ने आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशे।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच-पड़ताल करने के साथ ही चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों को भी खंगाला। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही वह स्वयं कोतवाली पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे हैं। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची है। मामले में जांच-पड़ताल जारी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
