रीवा । कांग्रेस नेता आशीष तिवारी ने रीवा एवं विंध्य क्षेत्र में भारी बारिश के बाद बने जलभराव और बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बारिश ने सरकार के विकास के दावों की जमीनी हकीकत सामने ला दी है। शहर से लेकर गांव तक जलभराव ने जनजीवन की रफ्तार रोक दी है और आमजन परेशान है।

तिवारी ने कहा कि कई इलाकों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से घरों, दुकानों और सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं किसानों के सामने फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। जब बारिश के दौरान जनता को राहत देने के बजाय व्यवस्थाएं ही जवाब दे दें, तो विकास के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रभावित इलाकों का मौके पर सर्वे कराकर नुकसान का आकलन किया जाए तथा पीड़ित परिवारों और किसानों को नियमानुसार मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराई जाए।
तिवारी ने कहा कि जनता को फोटो सेशन नहीं, जमीन पर समाधान चाहिए। प्रशासन और जनप्रतिनिधि प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचें, हालात देखें और तत्काल कार्रवाई करें।
