कई दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, व्यापारियों ने दो टूक कहा—अब सिर्फ आश्वासन नहीं, चोरी का खुलासा और माल बरामद चाहिए

अलीगंज। सर्राफ व्यापारी कन्हैया वर्मा की दुकान में हुई चोरी का अब तक खुलासा नहीं होने से व्यापारियों का धैर्य जवाब देने लगा है। शुक्रवार को व्यापारी स्वर्णकार धर्मशाला में जुटे और पुलिस की कार्रवाई को लेकर जमकर चर्चा की। इसके बाद क्षेत्राधिकारी अलीगंज से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग उठाई। व्यापारियों ने साफ कर दिया कि लगातार मिल रहे आश्वासनों से अब काम नहीं चलेगा, पुलिस को कार्रवाई का परिणाम सामने लाना होगा।

उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि अलीगंज में चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। अब सर्राफ व्यापारी की दुकान को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उनका कहना है कि घटना के बाद पुलिस जांच कर रही है, लेकिन अभी तक चोरी का खुलासा नहीं होने से व्यापारियों में बेचैनी और नाराजगी दोनों बढ़ रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि जब सर्राफ बाजार की दुकान ही सुरक्षित नहीं है तो दूसरे कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
व्यापारियों ने पुलिस से मांग की कि जांच को सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और चोरी गया माल बरामद कराया जाए। जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले को लेकर बातचीत की।
इसके बाद क्षेत्राधिकारी अलीगंज से भी वार्ता हुई। सीओ ने पुलिस टीम द्वारा लगातार जांच किए जाने और जल्द खुलासा किए जाने की बात कही। व्यापारी सीओ अलीगंज से मिले और ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की गई।
व्यापारियों ने पुलिस से अब तक की जांच की प्रगति भी स्पष्ट रूप से बताने की मांग की। प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि एसएसपी एटा ने उन्हें मुलाकात के लिए बुलाया है। एसएसपी की ओर से भी पुलिस टीम द्वारा मामले में लगातार काम किए जाने और जल्द खुलासे का आश्वासन दिया गया है। व्यापारियों ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक सर्राफ व्यापारी की दुकान में हुई चोरी का नहीं, बल्कि पूरे बाजार की सुरक्षा का सवाल है।
यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापार मंडल आगे की रणनीति तय करेगा। इससे पहले उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अलीगंज की ओर से अध्यक्ष विनोद कुमार आर्य, महामंत्री राकेश कुमार स्वर्णकार और कोषाध्यक्ष अशोक कुमार जैन के हस्ताक्षर से अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा चुका है।
इसमें भी चोरी के शीघ्र खुलासे की मांग की गई थी और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। व्यापारियों का कहना है कि आश्वासन बहुत हो चुका, अब कार्रवाई दिखनी चाहिए। ज्ञापन देने वालों में सूर्यकांत प्रदेश उपाध्यक्ष, विनोद आर्य नगर अध्यक्ष, अरविंद सोनी एडवोकेट, अर्पित वर्मा, संस्कार वर्मा, राकेश कुमार, अवधेश, सुशील, हरिशंकर, कौशल, सुरेंद्र कुमार, आकाश वर्मा सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
दिलीप सिंह अलीगज एटा
