रक्षाबंधन पर सजा अलीगंज का बाजार, आध्यात्मिक राखियों ने खींचा बहनों का ध्यान

अलीगंज। रक्षाबंधन पर्व को लेकर अलीगंज के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दुकानें सज गई हैं। शुक्रवार को भाई-बहन के पवित्र प्रेम के प्रतीक इस त्योहार को लेकर राखी और मिठाई की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ नजर आई। बाजार में सजी रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां बहनों का मन मोह रही हैं।

इस बार बाजार में चीनी राखियों की जगह भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जुड़ी राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। श्रीकृष्ण, श्रीगणेश, भगवान शंकर और राधा-कृष्ण की तस्वीरों वाली राखियां बहनों को खूब पसंद आ रही हैं। दुकानदारों के अनुसार आध्यात्मिक भावनाओं से जुड़ी राखियों की मांग इस बार अच्छी है।

वहीं मिठाई की दुकानों पर भी रक्षाबंधन को लेकर खास तैयारी की गई है। घेवर की खरीदारी के लिए दुकानों पर अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। बहनें भाइयों के लिए राखी के साथ मिठाई खरीदती नजर आईं।

बहन उपासना ने बताया कि उन्होंने इस बार अपने भाई की कलाई पर राधा-कृष्ण वाली राखी बांधने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि राधा-कृष्ण का प्रेम भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह, विश्वास और पवित्रता का संदेश देता है। इस बार रक्षाबंधन पर बाजार में परंपरा, अध्यात्म और भाई-बहन के पवित्र प्रेम का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

दिलीप सिंह अलीगज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *