अलीगंज। रक्षाबंधन पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने बहनों को बड़ी सौगात देते हुए रोडवेज बसों में तीन दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू की है। 27, 28 और 29 अगस्त को बहनों को बसों में निशुल्क यात्रा का लाभ मिल रहा है। साथ ही एक बहन के साथ एक व्यक्ति को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। सुविधा मिलने से बहनों में खुशी का माहौल है और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

अलीगंज क्षेत्र के ग्राम नगला नदू निवासी अनीता देवी ने बताया कि वह अपने भाई को राखी बांधने के लिए अलीगंज से फर्रुखाबाद जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से उनका बस का टिकट नहीं लगा और उनके साथ एक व्यक्ति को भी बिना टिकट यात्रा करने का अवसर मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों के लिए यह सुविधा बेहद सराहनीय है।
वहीं मैनपुरी निवासी नेमा देवी ने बताया कि वह अपने भाई को राखी बांधने कायमगंज जा रही हैं। उनकी यात्रा भी पूरी तरह मुफ्त हुई। उन्होंने कहा कि सरकार की इस सुविधा से वह बेहद खुश हैं और इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देती हैं।
दिलीप सिंह अलीगज एटा
