झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप, 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत

अलीगंज। थाना जसरथपुर क्षेत्र के ग्राम तौसईया में शनिवार शाम कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगने से 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर पर गलत उपचार करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तौसईया निवासी रजनीश पुत्र ब्रह्मपाल सिंह को पिछले दो दिनों से बुखार आ रहा था। शनिवार शाम वह गांव में ही डॉक्टर गिरीश के पास उपचार कराने पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान डॉक्टर ने रजनीश को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई बृजेश ने आरोप लगाते हुए बताया कि रजनीश को हल्का बुखार था। वह गांव के डॉक्टर गिरीश से दवा लेने गया था। इसी दौरान डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजन उसे तत्काल सीएचसी अलीगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

रजनीश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे बताए जा रहे हैं। इनमें 12 वर्षीय संध्या, सात वर्षीय मानवी और नौ वर्षीय बेटा शामिल हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिलीप सिंह अलीगज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *