अरेराज एसडीएम सुजीत कुमार ने तटवर्ती इलाकों का किया निरीक्षण,तटबंधों की निगरानी बढ़ाई गई

नवनीत कुमार सिंह – अरेराज

मोतिहारी।अरेराज वाल्मीकिनगर बैराज से गंडक नदी में करीब 1.25 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद संभावित बाढ़ के खतरे को लेकर अरेराज अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एसडीएम अरेराज सुजीत कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को प्रशासनिक एवं जल संसाधन विभाग की टीम ने गंडक नदी के तटवर्ती और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया।

एसडीएम के साथ संग्रामपुर के अंचलाधिकारी, अरेराज के प्रखंड विकास पदाधिकारी, जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता सहित अनुमंडल के कनीय एवं सहायक अभियंता मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने संग्रामपुर प्रखंड के पुछरिया, बिंद टोली और बरई टोला तथा अरेराज प्रखंड के सरैया पंचायत सहित आसपास के इलाकों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि फिलहाल गंडक नदी के जलस्तर में कोई उल्लेखनीय वृद्धि नहीं हुई है।

वहीं, तटबंधों पर भी कहीं कटाव या क्षति की स्थिति नहीं मिली। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति सामान्य और पूरी तरह नियंत्रण में है।एसडीएम सुजीत कुमार ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। बाढ़ नियंत्रण प्रभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा संग्रामपुर और अरेराज प्रखंड समेत पूरे अनुमंडल में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

तटबंधों की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए गश्ती बढ़ा दी गई है तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।इस दौरान प्रशासनिक टीम ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों से सीधा संवाद कर स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही लोगों से घबराने के बजाय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *