नानपारा में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप, चोरी की बाइक व तमंचा बरामद
नानपारा/बहराइच। थाना मटेरा क्षेत्र में चैन स्नैचिंग की घटना में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी से शुक्रवार देर रात थाना कोतवाली नानपारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम की संयुक्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर 2026 को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र निवासी सुआगाड़ा, थाना कोतवाली लखीमपुर अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना मटेरा में मुकदमा संख्या 138/2026 धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बहराइच ने शीघ्र खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को वारदात में शामिल बदमाशों के बारे में अहम जानकारी मिली।

इसी क्रम में 2/3 सितंबर की रात क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बदमाश फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब पुत्र मुग्गर निवासी अगपुरवा शेख दाहिर, थाना कोतवाली देहात को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उस दौरान मौके का फायदा उठाकर उसका साथी असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल पुत्र सग्गर निवासी अगपुरवा, थाना कोतवाली देहात फरार हो गया था। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
पुलिस अधीक्षक बहराइच द्वारा फरार आरोपी असलम पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी थी।
पुलिस के अनुसार, 3/4 सितंबर की रात क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना कोतवाली नानपारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मटेरा की चैन स्नैचिंग की घटना में वांछित इनामी आरोपी असलम चोरी की मोटरसाइकिल लेकर नानपारा से निबिया नहर पुलिया होते हुए रुपईडीहा रोड की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम द्वारा जवाबी फायरिंग की गई। इस दौरान गोली आरोपी के बाएं पैर में लग गई और वह मोटरसाइकिल समेत मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसकी पहचान इनामी अपराधी असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल के रूप में हुई।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी नानपारा भेजा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल संख्या UP40BF6651, दो मोबाइल फोन, एक 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
मुठभेड़ की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पुलिस टीम से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

