पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

आकाश मिश्र बहराइच

बहराइच। नानपारा वन रेंज के खैरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवादा पूरेकसबाती के मजरा जुगराजपुरवा में पिछले कई दिनों से ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बनी मादा तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गई। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। डीएफओ बहराइच के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने गांव के पास पिंजरा लगाया था। रविवार सुबह करीब पांच बजे शिकार के लालच में मादा तेंदुआ पिंजरे में दाखिल हो गई,

जिसके बाद वनकर्मियों ने उसे सुरक्षित तरीके से कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से तेंदुआ लगातार मवेशियों पर हमला कर रही थी। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ था। वन विभाग के मुताबिक पकड़ी गई मादा तेंदुआ की उम्र करीब तीन से चार वर्ष है। पशु चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के बाद उसे उपयुक्त घने वन क्षेत्र में छोड़े जाने की प्रक्रिया की जाएगी। तेंदुए को पकड़ने वाली टीम में उप क्षेत्रीय वन अधिकारी अमित वर्मा, वन दरोगा बृजेश वर्मा, वनरक्षक ऋषि पाल प्रजापति, अमनजीत सिंह और रामानंद मिश्रा शामिल रहे। डीएफओ बहराइच सुन्दरेश ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *