आकाश मिश्र बहराइच
नानपारा/बहराइच। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के पुजारी पुरवा जुड़ा गांव में रविवार शाम करीब सात बजे घर के आंगन में घुसे तेंदुए ने तीन वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया। तेंदुआ बच्ची को जबड़े में दबोचकर खेतों की ओर भाग गया। मां के शोर मचाने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तेंदुए के पीछे दौड़े। करीब 30 मिनट बाद बच्ची घर से लगभग 400 मीटर दूर खेत में घायल अवस्था में मिली।
गांव निवासी सीताराम की पत्नी अनीता शाम के समय घर के आंगन में लगे नल पर पानी भर रही थीं। उनकी तीन वर्षीय बेटी लाडो उनके पीछे खड़ी थी। इसी दौरान अचानक तेंदुआ आंगन में घुस आया और बच्ची को जबड़े में दबोचकर खेतों की ओर भाग गया। बच्ची को तेंदुआ उठा ले जाने पर अनीता ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और तेंदुए का पीछा किया। ग्रामीणों को पीछे आता देख तेंदुआ बच्ची को खेत में छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक बच्ची की तलाश की।
इसके बाद वह घर से करीब 400 मीटर दूर खेत में घायल हालत में मिली। बच्ची के गले और शरीर पर कई जगह गहरे जख्म थे। परिजन उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बच्ची को लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार देर रात करीब 11 बजे बच्ची को जिला अस्पताल में भी भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को तेंदुए के दोबारा गांव में आने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। घटना के संबंध में प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) से जानकारी लेने के लिए फोन किया गया, लेकिन उनका मोबाइल नंबर कवरेज क्षेत्र से बाहर बताया गया। वन विभाग की ओर से घटना को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी।
