मूसलाधार बारिश में गरीब परिवार का मकान भरभराकर गिरा, गृहस्थी का सामान दबकर नष्ट

अलीगंज। अलीगंज क्षेत्र के ग्राम नखटई कला में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश एक गरीब परिवार पर आफत बनकर टूटी। लगातार बारिश के चलते श्रीकृष्ण पुत्र पंछी लाल का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से परिवार के लोग बाल-बाल बच गए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकान के मलबे में घर में रखा राशन, गेहूं, रजाई-गद्दे, चारपाई, बक्सा, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान दबकर नष्ट हो गया। घटना से परिवार को करीब 40 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।

पीड़ित परिवार के अनुसार बीती रात क्षेत्र में भीषण बारिश हो रही थी। बारिश के दौरान अचानक मकान की दीवारें और छत भरभराकर गिरने लगीं। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मकान गिरने के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।

पीड़ित की बेटी कोमल ने बताया कि तेज बारिश के कारण उनका मकान अचानक गिर गया। मलबे में घर का राशन, गेहूं, रजाई-गद्दे, चारपाई, कपड़े, बक्सा और अन्य गृहस्थी का सामान दब गया। उन्होंने बताया कि उनकी मां भी हादसे में बाल-बाल बचीं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अचानक हुए नुकसान से उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।

घटना के बाद गरीब परिवार ने प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है, ताकि मकान की मरम्मत अथवा रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके।

वहीं तहसीलदार संजय सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राकृतिक आपदा के तहत कानूनगो को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *