नवनीत कुमार सिंह- मोतिहारी
मोतिहारी।हरसिद्धि बाजार स्थित से लापता तीन छात्राओं को हरसिद्धि पुलिस ने लगभग 48 घंटे के अंदर ही गोरखपुर से सकुशल बरामद कर बेहतर पुलिसिंग का एक मिसाल पेश किया है। साथ ही पुलिस ने इस मामले में तारियानी थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी सुंदर महतो के पुत्र चंदन कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है, जो वर्तमान में गोरखपुर में रहता था। समय रहते पुलिस यदि छात्राओं को बरामद नहीं करती तो वे दल-दल में फंसने जा रही थीं।

बरामदगी में अरेराज प्रभारी डीएसपी प्रियंका कुमारी, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार, दारोगा अविनाश कुमार, दारोगा प्रीतम कुमार सहित अन्य दजनो पुलिस बल शामिल रहे।मंगलवार को संध्या में हरसिद्धि थाना पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए प्रभारी डीएसपी प्रियंका कुमारी ने बताई कि 6 सितंबर को थाना क्षेत्र के एक गांव के एक व्यक्ति ने थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी पुत्री सहित गांव की दो अन्य अन्य छात्राएं हरसिद्धि बाजार से लापता हो गई हैं।
आवेदन मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और सीसीटीवी कैमरा, मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य वैज्ञानिक तरीकों से छात्राओं की बरामदगी में जुट गई।जांच में पता चला कि तीनों छात्राएं घर से परिजनों को बिना बताए सुगौली स्टेशन से ट्रेन पकड़कर मुजफ्फरपुर पहुंची थीं। वहां पहले से मौजूद चंदन कुमार ने उन्हें मीठी-मीठी बातों में उलझा लिया और शान-शौकत से जिंदगी बिताने का सपना दिखाकर अपने चंगुल में ले लिया।
डीएसपी ने बताया कि चंदन उक्त तीनों छात्राओं को पहले सीतामढ़ी ले गया, वहां से वह उन्हें लेकर गोरखपुर स्टेशन पर उतरा ही था कि पहले से पीछा कर रही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। मौके से तीनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया गया।फिलहाल तीनों छात्राओं को परिजनों को सौंप दिया गया है और गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की हर चौक चौराहे हाट बाजार में काफी सराहना की जा रही है।
