अरेराज अनंत चतुर्दशी मेला को लेकर एसडीओ ने किया क्षेत्र भ्रमण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

नवनीत कुमार सिंह – मोतिहारी

अरेराज। आगामी अनंत चतुर्दशी मेला को लेकर अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी सुजीत कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।

एसडीओ के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरेराज आदित्य नारायण दीक्षित, पुलिस निरीक्षक पूर्णकाम सामर्थ एवं अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी के साथ परशुरामपुर चौक से हरपुर पकड़ी चौक, ओल्हा बाजार, भादा पुल,भादा हाई स्कूल मैदान सहित विभिन्न पड़ाव एवं पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मेला के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था को लेकर स्थल की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया। एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान पशुरामपुर-संग्रामपुर मुख्य मार्ग पर फतुहा स्थित जर्जर लोहई पुल की स्थिति भी अधिकारियों ने देखी।मेला के दौरान बढ़ने वाले यातायात एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुल की रेलिंग को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के सहयोग से बांस-बल्ला आदि लगाकर मजबूत करने का निर्देश अंचलाधिकारी को दिया गया।वहीं,भादा पुल के समीप नहर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर स्थानीय गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

एसडीओ ने अंचलाधिकारी हरसिद्धि को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।एसडीओ सुजीत कुमार ने कहा कि अनंत चतुर्दशी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। मेला से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन के साथ शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *