नवनीत कुमार सिंह -मोतिहारी
मोतिहारी। शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने यातायात थाना में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।बैठक में शहर की प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर बेतरतीब ढंग से लगाए जा रहे ठेलों एवं अवैध अतिक्रमण को हटाने का निर्णय लिया गया।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छतौनी चौक के आसपास संचालित ठेलों को नरेगा पार्क में स्थानांतरित करने के लिए माइकिंग कराई जाए। साथ ही सड़कों पर अवैध रूप से खड़े तीन एवं चार पहिया वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर उन्हें हटाया जाए।बैठक के उपरांत डीएम और एसपी ने मीना बाजार से छतौनी चौक तक पैदल फ्लैग मार्च कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने, अतिक्रमण पर निगरानी रखने तथा आमजन को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।प्रशासन की इस पहल से शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
